

रायपुर 12 जून 2025 – छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। कल देर शाम रायपुर में तेज आंधी और झमाझम बारिश ने मानसून की आमद का संकेत दे दिया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से मानसून की सक्रियता और बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) फैली हुई है, जो मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के हिस्सों को प्रभावित कर रही है।
बस्तर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। बिलासपुर और रायपुर संभाग के 9 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल मानसून बस्तर क्षेत्र में अटका हुआ है, लेकिन 14-15 जून के बीच पूरे प्रदेश में इसके प्रभावी होने की संभावना है। बीते हफ्तों तक मानसून की रफ्तारबेहद धीमी रही जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में अधिक तापमान और सूखे जैसे हालात बन गए थे। राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आज भी हल्की बारिश, गरज-चमक, और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खुले में बिजली गिरने की स्थिति से बचने की अपील की है।