

सुखनंदन कश्यप voice36.com
कोरबा/रामपुर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने कोरबा जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर दो जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
पहले पत्र में विधायक फूल सिंह राठिया ने बताया कि तत्कालीन कलेक्टर सौरभ कुमार द्वारा उप तहसील सोहागपुर के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई थी। यह घोषणा ग्राम पंचायत सोहागपुर की जनता की मांग पर की गई थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि अब तक इस भवन की प्रशासनिक स्वीकृति नहीं दी गई है। विधायक ने कलेक्टर से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर कार्य प्रारंभ करवाएं।
दूसरे पत्र में विधायक फूल सिंह राठिया ने उप तहसील सोहागपुर के नियमित संचालन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह उप तहसील क्षेत्रीय जनता, विशेषकर किसानों के लिए अति आवश्यक है। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत के प्रयासों से यह उप तहसील खोली गई थी, जिसका उद्घाटन कार्यक्रम डॉ. चरणदास महंत की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ था।
लेकिन वर्तमान समय में उप तहसील का संचालन नियमित नहीं हो पा रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है, जिससे उप तहसील का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
विधायक फूल सिंह राठिया ने स्पष्ट किया कि दोनों ही मांगें जनता की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी हुई हैं, और इन पर शीघ्र निर्णय लिया जाना जनहित में आवश्यक है।