

सक्ती: दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराए गए राजा धर्मेन्द्र सिंह को जल्द ही सक्ती उप जेल से बिलासपुर स्थित सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई रविवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जा सकती है।
सूत्रों ने बताया कि नियमों के अनुसार, किसी भी उप-जेल में दो साल से अधिक की सजा पाए दोषियों को नहीं रखा जा सकता। चूंकि राजा धर्मेन्द्र सिंह को कुल 12 साल की सजा सुनाई गई है, इसलिए उन्हें अब सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया जाएगा।
गौरतलब है कि राजघराने की एक महिला ने राजा धर्मेन्द्र सिंह पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हुई, जहां बुधवार को कोर्ट ने उन्हें दोषी करार देते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत 7 साल और धारा 450 के तहत 5 साल की सजा सुनाई, साथ ही 15,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
फैसले के बाद से राजा धर्मेन्द्र सिंह सक्ती उप जेल में बंद हैं और अब नियमानुसार उन्हें सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया जा रहा है।