

सुखनंदन कश्यप voice36.com
कोरबा। थाना उरगा पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामूली विवाद में पड़ोसी पर टांगी से हमला कर जान लेने की कोशिश करने वाला आरोपी अब सलाखों के पीछे है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपारा देवलापाठ निवासी अक्ती राम धनवार (42 वर्ष) ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीते 6 जून को दोपहर 12:30 बजे वह अपने घर में बैठा हुआ था। इस दौरान उसका पड़ोसी रामचरण धनवार (52 वर्ष) उसके घर के पीछे आम के पेड़ पर आम तोड़ रहा था।
अक्ती राम ने रामचरण से आम फल देने को कहा, जिस पर आरोपी भड़क गया। उसने अपशब्द कहे और आम न देने की बात कहकर विवाद बढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी रामचरण घर से टांगी लेकर आया और अक्ती राम को जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया।
प्रार्थी के अनुसार, वह उस समय अपने घर के पास पत्थर पर बैठा था। आरोपी ने पीछे से उसकी गर्दन पर टांगी से वार किया। संयोगवश अक्ती राम झुक गया, जिससे गर्दन पर गहरा वार नहीं लगा। हालांकि टांगी की चोट गर्दन के पीछे नाजुक हिस्से पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के दौरान जब रामचरण दोबारा वार करने जा रहा था, तब पड़ोसी सुनेंद्र कुमार और प्रार्थी की पुत्री बृहस्पति ने बीच-बचाव कर आरोपी के हाथ से टांगी छीन ली। इस तरह अक्ती राम की जान बच पाई।
घटना की सूचना पर उरगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामचरण धनवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सउनि संतराम सिन्हा, प्रधान आरक्षक रामू कूर्मी, आरक्षक नितेश तिवारी एवं आरक्षक वीरेंद्र अनंत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।