

Voice36
बलरामपुर जिले में एक गलतफहमी ने 18 साल के लड़के की जान ले ली। बिमलापुर जंगल में शुक्रवार को जंगली सूअर का शिकार करने 2 लोग निकले थे। जंगली में दोनों सूअर की तलाश कर रहे थे। इसी बीच एक युवक ने पत्तों की आवाज के सुनकर गोली चला दी। ये गोली छात्र को जा लगी।
मामला त्रिकुंडा थाना इलाके और डिंडो चौकी की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बेलसर निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र पंडो शुक्रवार को गांव के ही मुकेश कुमार आयाम (18 साल) सहित अन्य ग्रामीणों के साथ बिमलापुर, बेलकोता के जंगल में शिकार करने गए था।
दोपहर के वक्त सभी अलग-अलग होकर जंगली सूअर की तलाश कर रहे थे। तभी झाड़ियों के बीच से सरसराहट की आवाज आने पर राजेंद्र पंडो ने भरमार बंदूक से गोली चला दी।
राजेंद्र पंडो ने सूअर के भ्रम में गोली चलाई, जो सीधे उसके साथी मुकेश आयाम को जा लगी। गोली मुकेश की पीठ में लगी और अंदर तक धंस गई। गोली लगते ही मुकेश की चीख सुनकर राजेंद्र पंडो दौड़ा और उसके पास पहुंचा।
गंभीर रूप से घायल मुकेश की कुछ ही देर में मौत हो गई। घटना से राजेंद्र पंडो घबरा गया। देर शाम राजेंद्र पंडो वापस गांव पहुंचा और उसने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।
रातभर शव की रखवाली करते रहे परिजन
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण जंगल पहुंचे तो मौके पर मुकेश का शव पड़ा था। देर शाम डिंडो पुलिस को घटना की सूचना मिली। रात हो जाने की वजह से शव का पंचनामा नहीं हो सका। मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने पूरी रात जंगल में शव की पहरेदारी की।
शनिवार सुबह डिंडो पुलिस और त्रिकुंडा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रामानुजगंज के एसडीओपी बाजी लाल सिंह भी दोपहर में घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर शव का पंचनामा कराया।
मृतक मुकेश कुमार आयाम इस साल कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुआ था। पुलिस ने गोली चलाने वाले राजेंद्र पंडो को हिरासत में ले लिया है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल हुई भरमार बंदूक को जब्त कर लिया है।
एसडीओपी बाजी लाल सिंह ने बताया कि सूअर समझकर राजेंद्र पंडो ने गोली चलाई थी। उनके और साथी भी जंगल में शिकार के लिए गए होंगे। शिकार के लिए एक या दो ग्रामीण नहीं जाते हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।